बिहार में हादसों का शनिवार, सड़क दुर्घटनाओं में 10 की मौत - अपना अरवल

अपना अरवल

अपना अरवल आपका स्वागत करता है |

Breaking

Home Top Ad

Post Top Ad

शनिवार, 27 जनवरी 2018

बिहार में हादसों का शनिवार, सड़क दुर्घटनाओं में 10 की मौत


बिहार में शनिवार को हादसों की सुबह हुई। जगह-जगह सड़क दुर्घटनाओं में दस लोगों की मौत हो गई, जबकि दर्जनों घायल हो गए।
गया में टकराए दो ट्रक, दोनों के चालकों को मौत
गया जिला के वजीरगंज थाना क्षेत्र में साहिया के निकट दो ट्रकों की सीधी टक्कर में दोनों के चालक मारे गए। एक ट्रक दिल्ली से चलकर गया फल मंडी होते वजीरगंज के रास्ते बिहारशरीफ जा रहा था, जबकि  दूसरा नवादा के एक ईट भट्ठा से कोयला उतारकर वजीरगंज होते वापस कोयला खाद्यान क्षेत्र जा रहा था। मृतको में नवादा जिला पिन्टु यादव (32 वर्ष) एवं  बजरुद्दीन (45 वर्ष) शामिल हैं । चालक पिन्टु के साथ चल रहा खलासी घायल है। ट्रकों की टक्कर इतनी  जोरदार थी कि दोनों के परखचे उड़ गए और उनकी दिशा बदल गई। चालकों के शव जेसीबी  के सहयोग से ट्रक को काटकर निकाले जा सके।
बाइक पर गिरा ट्रक, दो भाइयों की मौत
उधर, पश्चिम चंपारण में एक ट्रक टायर फटने के कारण अनियंत्रित होकर पास से गुजर रही बाइक पर गिर गया। इससे दो भाइयों की दबकर मौत हो गई। बाइक के पीछे चल रही दूसरी बाइक पर सवार ती अन्‍य परिजन भी ट्रक से अकराकर घायल हो गए। दुर्घटनाग्रस्‍त ट्रक सड़क किनारे पुलिस थाना की चारदीवारी तोड़कर भीतर जा घुसी। इसमें थाना प्रभारी सहित तीन पुलिसकर्मी भी घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार मैनाटांड से एक ट्रक गन्‍ना लेकर बेतिया की ओर जा रहा था। गाेपालपुर थाना के सामने ट्रक का एक पहिया फट गया। इसके बाद विस्‍फोट के साथ ट्रक पलट गई। इसी बीच बायीं तरफ से साइड लेते हुए बाइक से निकल रहे दो युवक (भाई) इसकी चपेट में आ गये। दोनों की ट्रक में दबकर मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में बाइक के परखचे उड़ गए। वहीं पीछे से एक अन्‍य बाइक से आ रहे उनके तीन परिजन भी ट्रक की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गये।
दुर्घटना के दौरान थाना परिसर में सड़क के बगल में चारदीवारी के पास थानाध्यक्ष, जमादार व एक सिपाही ठंड के कारण अलाव ताप रहे थे। वे जब तक संभलते ट्रक चारदीवारी तोड़ते हुए थाना में जा घुसा, जिस कारण थानाध्यक्ष रफीकुर्रहमान, एएसआइ पंकज कुमार राय समेत एक सिपाही बहाउद्दीन बाल-बाल बचे। थानाध्यक्ष को हल्की चोटें आईं हैं।
पुलिस ने ट्रक को अपने कब्जे में लेकर उसके चालक लौरिया थाना क्षेत्र के मिश्रटोला निवासी शहीम मियां को गिरफ्तार कर लिया है। मृत युवकों की पहचान नेपाल के पर्सा जिला अंतर्गत लंगडी थाना क्षेत्र के छोटका जयमंगलापुर निवासी मुकेश गिरी (20) व रौशन गिरी (18) के रूप में हुई है। गंभीर रूप से घायलों में संजय गिरी, मिथुन गिरी व उनकी दादी शामिल हैं।
बोलेरो की टक्‍कर से वृद्ध की मौत
नालंदा में सड़क दुर्घटना में बृद्ध की हुई मौत के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने एनएच 31 को घंटों जाम रखा। बख्तियारपुर से बिहारशरीफ जा रही बोलेरो ने वृद्ध को टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौत हो गइ्र। दुर्घटना चेरो ओपी के खरुआरा गांव में हुई।
ट्रैक्टर पलटने से दो मजदूरों की मौत
भभुआ के रामपुर बेलांव थाना क्षेत्र में शुक्रवार को सोन उच्च स्तरीय नहर के उत्तर तरफ चाट में ट्रैक्टर पलटने से दो मजदूरों की मौत हो गई। मृतक उत्‍तर प्रदेश के चकिया थाना के उसही गांव के धर्मेंद्र यादव व रामाकांत बिंद बताए जाते हैं।
बाइक की ठोकर से महिला की मौत
वैशाली में भी हाजीपुर सदर थाना के महुआ मोड़ के पास बाइक की ठोकर से अज्ञात महिला की मौत हो गई। बाइक सवार बाइक छोड़कर भाग निकलने में सफल रहा।
सड़क हादसे में गई दो की जान

मधुबनी जिले के सकरी थाना क्षेत्र के एनएच 57 पर मोहनबढ़ियाम के निकट दरभंगा से झंझारपुर की ओर जा रही मोटर साइकिल  को अज्ञात स्कार्पियो ने ठोकर मारी जिसमें मोटर साइकिल पर सवार दो व्यक्ति गंभीर रूप से जख्मी हो गए। अस्पताल में इलाज के दौरान दोनों की मौत हो गई | मृतक झंझारपुर थाना क्षेत्र के मदनपुर रतौल निवासी सुखदेव साह का बेटा राजेन्द्र साह और उसका साला हैं।राजेंद्र पंडौल थाना क्षेत्र के अन्दह निवासी अपने साले के साथ दरभंगा से आ रहा था जब हादसा हो गया। इलाज के दौरान सकरी के रामशीला हेल्थ केयर में दोनों की मौत हो गई | दुर्घटना के बाद स्कार्पियो भाग निकला।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

Post Bottom Ad

Pages